बी.एन. कॉलेज, भागलपुर में टीबी उन्मूलन हेतु जागरूकता अभियान का आयोजन

आज बी.एन. कॉलेज, भागलपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस) इकाई एवं महाविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में टीबी उन्मूलन हेतु एक विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अनिरुद्ध कुमार ने की। इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय भाषण में उन्होंने छात्रों को ऐसे जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया।

कार्यक्रम में एन.एस.एस. के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राहुल कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने एन.एस.एस. के स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए टीबी जैसी गंभीर बीमारी की सामाजिक और चिकित्सा चुनौतियों पर प्रकाश डाला और छात्रों को जागरूकता फैलाने हेतु प्रोत्साहित किया।

जंतु विज्ञान विभाग की डॉ. किरण कुमारी ने टीबी रोग के कारण, लक्षण, रोकथाम और उपचार के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बच्चों द्वारा पूछे गए सवालों के सटीक और वैज्ञानिक उत्तर देकर जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस कार्यक्रम का संचालन एन.एस.एस. के कार्यक्रम अधिकारी एवं स्वास्थ्य केंद्र के नोडल ऑफिसर डॉ. इर्शाद अली द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों से सम्मानित शिक्षकों की सहभागिता रही, जिनमें प्रमुख रूप से दर्शनशास्त्र विभाग की डॉ. आरती कुमारी, इतिहास विभाग के डॉ. पिंकू कुमार, अर्थशास्त्र विभाग की डॉ. इंदु कुमारी, डॉ. दिव्या रानी, डॉ. सुजाता कुमारी, बंगला विभाग की डॉ. अंतरा चौधरी, तथा रसायन शास्त्र विभाग के डॉ. पिंटू सर शामिल रहे।

कार्यक्रम की विशेषता रही विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक जो गोद लिए गए गांव में आयोजित किया गया था। इसके माध्यम से ग्रामीणों को टीबी के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, एक जागरूकता रैली भी निकाली गई जिसका नेतृत्व निधि, तान्या, शानू, गुलजार, दिव्य राज एवं पुरुषोत्तम ने किया।

छात्रों की सक्रिय सहभागिता एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन ने इस कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावशाली बनाया। बी.एन. कॉलेज, भागलपुर, स्वास्थ्य और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में अपनी प्रतिबद्धता के साथ आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।