Skill Development Program 17.07.2025

आज दिनांक 17 जुलाई 2025 को भागलपुर के बी एन कॉलेज में बिहार स्किल डेवलपमेंट मिशन,  बिहार सरकार से  संबद्ध स्किल डेवलपमेंट सेंटर आईट्रेट इंफो द्वारा वहाँ के युवाओं में सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान करने के लिए स्किल एंड स्कीम जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसके तहत छ: विभिन्न योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी गई।

संस्था के निदेशक बीजोय आनंद ने अपनी अभिभाषण की शुरुआत सफलता के सूत्र के  साथ की,  कहा कि “अगर आपको सफल बनना है तो आज ही सफलता की तारीख लिखना होगा और आज से शुरुआत करनी होगी” बताया कि 10वी पास युवाओं के लिए हर स्तर पर सरकार कुछ ना कुछ लाभकारी योजना पिछले 8-9 वर्षों से चला रही है। इसमें सबसे पहले आता है कुशल युवा कार्यक्रम जिसमें 10 वी पास कोई भी विद्यार्थी कंप्युटर, इंग्लिश और व्यवहार कौशल का प्रशिक्षण प्राप्त कर आज के समय में रोजगारउन्मुख बन सकते है।  दूसरा है स्वयं सहायता भत्ता जिसके तहत 12वी पास बेरोजगार युवा को सरकार दो वर्ष तक 1000/- प्रति माह भत्ता देती है,  तीसरी योजना है कि 12वी के बाद आगे की पढाई के लिए चार लाख तक का डायरेक्ट लोन लड़कों को सिर्फ चार पर्सेन्ट और ल़डकियों को मात्र एक प्रतिशत ब्याज पर आसानी से उपलब्ध कराती है,  चौथी योजना है स्टडी किट योजना जिसमें सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किताबें मुहैया कराती है और साथ अधिकारियों द्वारा मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाता है,  पांचवी योजना है टूल किट योजना जिसके तहत आईटीआई,  ब्यूटीशियन आदि प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार के लिए टूल किट प्रदान करती है और अंत में छठी योजना इन्टटर्नशिप योजना जिसमें 12वी और स्नातक पास युवाओं इन्टटर्नशिप कर नौकरी पाने का मौका देती है।

निदेशिका चन्दना चौधरी ने कहा कि आज का दौर सिर्फ नौकरी पाने के लिए सोचने का नहीं है बल्कि स्वरोजगार कर नौकरी देने का है और इसके लिए सबसे जरूरी है हुनरमंद बनना,  अगर हम खुद हुनरमंद होंगे तो हम अपने साथ-साथ कइयों को रोजगार देने वाला बन सकते हैं।

कॉलेज की प्रधानाचार्या महोदया डॉ० आरती कुमारी ने कहा कि आज के युग में हमें कुशल बनना और अँग्रेजी भाषा का ज्ञान होना बहुत ही आवश्यक है इसके बिना हम आगे नहीं बढ़ सकते हैं और आज आपको यहां इतनी सारी योजनाओं की जानकारी एक साथ संस्था के द्वारा प्रदान की गई जिसका निश्चित ही आप सब लाभ उठाएं और अपना भविष्य उज्जवल बनाएं।

कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन डॉ० आशुतोष कुमार सिंह, सहायक प्राध्यापक, इतिहास  ने किया और अपने संबोधन में युवाओं का हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि आज का दौर ग्लोबलाइजेशन का है और देश में जिस तरह से निजीकरण बढ़ रही है उसके लिए हमें कंप्युटर और इंग्लिश लैंग्वेज का स्किल होना बहुत ही आवश्यक है।

डॉ० वशीकुल खेर, सहायक प्राध्यापक, उर्दू  ने संस्था का धन्यवाद करते हुए कहा कि बहुत ही कम समय में बहुत सारी लाभकारी योजनाओं की जानकारी संस्था के द्वारा प्रदान की गई जिससे निश्चित ही छात्रों को लाभ मिलेगा। इस मौके पर सैंकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।