विश्व एड्स दिवस जागरूकता रैली – बी.एन. कॉलेज, भागलपुर दिनांक : 1दिसंबर 2025

बी.एन. कॉलेज, भागलपुर में आज दिनांक 1 दिसंबर 2025 को विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एचआईवी/एड्स के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना, मिथकों को दूर करना और युवाओं को सही जानकारी के प्रति संवेदनशील बनाना था।कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. मो इर्शाद अली, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी रहे। उन्होंने बताया कि युवाओं को जागरूक कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना ही इस रैली का मूल उद्देश्य है, क्योंकि जानकारी ही एड्स से बचाव का सबसे सशक्त माध्यम है।रैली को महाविद्यालय के माननीय प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) अनिरुद्ध कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि,“विश्व एड्स दिवस हमें यह समझाता है कि जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। जब हमारे छात्र सही जानकारी और संवेदनशीलता के साथ समाज में आगे बढ़ते हैं, तो वे कई लोगों के जीवन को सुरक्षित करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। यह रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना का संदेश है। मुझे विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी इस जागरूकता को समाज तक निरंतर पहुँचाते रहेंगे।”प्रधानाचार्य के प्रेरक शब्दों के बाद रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर डोमासी से कबीरपुर मार्गों से होते हुए लोगों को एड्स से संबंधित सही जानकारी देने हेतु जागरूक करती रही। विद्यार्थियों ने पोस्टर, स्लोगन और नारेबाजी के माध्यम से लोगों को सुरक्षित व्यवहार और जागरूकता अपनाने के लिए प्रेरित किया।रैली में बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया। इसका नेतृत्व एनएसएस स्वयंसेवक निधि, दिव्य राज, करण और अभिषेक ने किया। इन स्वयंसेवकों ने अनुशासन और नेतृत्व कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।कार्यक्रम के अंत में एनएसएस टीम ने कहा कि एड्स जागरूकता एक सतत अभियान है और बी.एन. कॉलेज भविष्य में भी ऐसे समाजोपयोगी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।